Wednesday, July 1, 2009

जनगणना के साथ ही देखी जाएगी हैसियत

जनगणना 2011 में सरकार हर घर के भीतर नजर दौड़ाने की तैयारी कर रही है। इसमें न केवल लोगों की गिनती की जाएगी, बल्कि उनकी हैसियत का आंकलन करने के लिए भरपूर जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। उपरोक्त जानकारियां जनगणना रजिस्टर में भरी जाएंगी। जनगणना का यह कार्य अप्रैल 2010 से लेकर मार्च 2011 तक चलाया जाएगा।
भारत की जनगणना 2011 में इस बार मकान सूचीकरण एवं मकान गणना भी की जानी है। इसमें परिवार में रहने वालों लोगों की संख्या तो गिनी ही जाएगी, बल्कि मकान के फर्श, दीवार और छत के संबंध में भी जानकारी होगी। मसलन फर्श मिट्टी का बना है, कच्ची ईट का है, पत्थर का है, लकड़ी का है, सीमेंट का है या फिर टाइल का। कार छत की भी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा मकान का क्या उपयोग किया जा रहा है, पेयजल और प्रकाश का स्रोत क्या है, शौचालय सुविधा किस प्रकार की है व खाना बनाने में कौन सा ईधन प्रयोग किया जाता है आदि जानकारी भी जुटाई जाएंगी। जनगणना में मकान के स्वामित्व की स्थिति, परिवार के रहने के लिए इस्तेमाल होने वाले कमरे की भी जानकारी ली जाएगी। इतना ही नहीं इसमें प्रत्येक व्यक्ति की हैसियत से संबंधित जानकारी भी जुटाई जाएगी। जैसे कि घर में कितने टीवी, ट्रांजिस्टर, कंप्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, कार, जीप आदि की पूरी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा आप बैकिंग के लिए किस सेवा का प्रयोग करते हैं इसके संबंध में भी जानकारी एकत्र की जाएगी।