Wednesday, November 17, 2010

चीन में शुरू हुई विश्व की सबसे बड़ी जनगणना

सर्वाधिक आबादी वाले देश चीन ने अपने एक दशक पुराने जनसंख्या आंकड़े को अपडेट करने के लिए सोमवार को विश्व की सबसे बड़ी जनगणना की शुरुआत की।
जनगणना कार्यक्रम के तहत करीब साढ़े छह लाख कार्यकर्ता अगले 10 दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित करीब 40 करोड़ से अधिक घरों में जाएंगे।ये कार्यकर्ता इस दौरान देश के नागरिकों के अलावा विदेशी नागरिकों के घरों में भी जाकर विभिन्न जानकारियां एकत्र करेंगे।
राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के अधिकारियों ने बताया कि ज्यादा सटीक आंकड़ों के लिए जनगणना का दूसरा दौर 11 नवंबर से शुरू किया जाएगा, जो 30 नवंबर तक चलेगा।उन्होंने बताया कि सभी आंकड़ों की गणना दिसंबर में की जाएगी और इसके परिणाम अप्रैल, 2011 में जारी होंगे।
संभावना है कि इस जनगणना से चीन के नागरिकों का आयु संबंधी खाका उपलब्ध हो सकेगा। चीन में एक बच्चे की नीति को सख्ती से लागू किया जा रहा है, जिससे देश में बुजुर्गों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है और पेंशन कोष पर भारी दबाव पड़ रहा है
।एनबीएस के अनुसार, 1 नवंबर से पहले जन्म लेने वालों को इस जनगणना में शामिल कर लिया जाएगा, जबकि इसके बाद जन्म लेने वालों को अगली जनगणना में शामिल किया जाएगा, जो वर्ष 2020 में होनी है।जनगणना के लिए, करीब 90 प्रतिशत लोगों को एक प्रपत्र भरने के लिए कहा जाएगा, जिसमें उन्हें करीब 18 जानकारियां देनी होंगी। इसमें नाम, लिंग, प्रजाति, घर का पंजीकरण नंबर और शिक्षा आदि के बारे में जानकारियां देनी होंगी।

No comments: