Wednesday, May 12, 2010

बिग बी ने लिया जनगणना में हिस्सा


मुंबई. सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को परिवार के प्रमुख के नाते अपने परिवार की जानकारी जनगणना अधिकारियों को देकर जनगणना कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके जुहू स्थित ‘प्रतिक्षा’ बंगले पर जाकर जनगणना अधिकारियों ने उनसे जनगणना पत्रक पर सभी आवश्यक जानकारी दर्ज करवाई। बिग बी के बंगले पर जनगणना की जानकारी हासिल करने जाने वालों में मनपा के/पश्चिम विभाग के सहायक मनपा आयुक्त रमेश पवार, उप कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्यजा केसकर और प्रगणक सुलोचना कांबले प्रमुख थीं।


मनपा अधिकारियों ने बताया कि बिग बी ने जनगणना पत्रक को भरते वक्त उनसे युनिक आयडेंटीटी कार्ड के बारे में जानकारी पूछी। उन्होंने बहुत ही उत्सुकता के साथ जनगणना की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मुंबई मनपा की अतिरिक्त मनपा आयुक्त (पश्चिम उपनगर) मनीषा पाटणकर-म्हैसकर ने जनगणना प्रक्रिया में सभी लोगों के शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मुंबई मनपा क्षेत्र के अंर्तगत जनगणना के लिए 150 घरों का एक ब्लॉक बनाया गया है। इस तरह से कुल 37, 617 घरों का ब्लॉक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 1 मई से शुरू हुई जनगणना की प्रक्रिया 155 जून तक चलेगी।


No comments: